उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, बिजनौर और गाज़ियाबाद जिलों में ₹2,452 करोड़ से अधिक की 255 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। शामली में ₹581 करोड़ की 89 परियोजनाएं, बिजनौर में ₹1,003 करोड़ की 76 परियोजनाएं और गाज़ियाबाद में ₹868 करोड़ की 90 परियोजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, चाबियां, लैपटॉप और नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
यह भी पढ़ें: घोसी, दुद्धी और फरीदपुर सीटों पर नहीं होंगे उपचुनाव — CEC का ऐलान
शामली में ₹581 करोड़ की सौगात
सीएम योगी ने कैराना के विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में जनसभा के दौरान शामली जनपद को 89 विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य प्रयोगशाला, कृषि कल्याण केंद्र, कलेक्ट्रेट भवन और विद्यालय जैसी आधारभूत परियोजनाओं पर ₹581 करोड़ से अधिक खर्च होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शामली में 400 केवी विद्युत उपकेंद्र के कारण यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। कैराना में PAC बटालियन स्थापित करने का वादा पूरा किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी भर्तियों में अब सिफारिश और भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की स्मृति में 17 जुलाई को श्रद्धांजलि सभा और मूर्ति अनावरण समारोह भी आयोजित किया गया।
तीन एक्सप्रेसवे का बनेगा संगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि शामली अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के संगम के रूप में जाना जाएगा। इन तीन एक्सप्रेसवे के कारण शामली आने वाले समय में महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र बनेगा जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
शामली के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में शामिल होने से विकास को नई गति मिलेगी। प्रदेश का पहला एकीकृत निजी वस्त्र उद्योग पार्क (Textile Park) भी शामली में स्थापित होने जा रहा है जिसमें 8,000 युवाओं को सीधे रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आसपास के क्षेत्रों से भी मरीज शामली इलाज के लिए पहुंचे जो स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का प्रमाण है।
बिजनौर को ₹1,003 करोड़ की परियोजनाएं
वर्धमान कॉलेज परिसर में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने बिजनौर को ₹1,003 करोड़ से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि बिजनौर अब रेलवे, मेडिकल कॉलेज और अन्य परियोजनाओं के माध्यम से नई पहचान बना रहा है।
बिजनौर में मेडिकल कॉलेज पहले से स्थापित है और नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला भी रख दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से होते हुए हरिद्वार तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। जनपद में विदुर प्रेरणा स्वदेशी ब्रांड आज बिजनौर की सशक्त पहचान बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कवि दुष्यंत कुमार, स्वतंत्रता सेनानी महावीर सिंह त्यागी और संविधान विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कश्यप जैसी विभूतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस जनपद ने देश को अनेक प्रतिभाएं दी हैं।
गन्ना किसानों को ₹400 क्विंटल
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद बिजनौर में जनप्रतिनिधियों और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख जयंत चौधरी की मांग पर गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब गन्ना किसानों को ₹400 प्रति क्विंटल का मूल्य मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज चीनी, गन्ना और एथेनॉल उत्पादन में देश का नंबर एक राज्य है। प्रदेश में 122 चीनी मिलें संचालित हैं और गन्ना किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है।
DBT के माध्यम से एक क्लिक पर 2 करोड़ 26 लाख किसानों के बैंक खातों में PM किसान सम्मान निधि पहुंचाई जाती है। इसी तरह 1 करोड़ 6 लाख दिव्यांगजन, निराश्रित महिलाएं और वृद्धजन भी पेंशन सीधे बैंक खातों में प्राप्त कर रहे हैं।
गाज़ियाबाद में ₹868 करोड़ परियोजनाएं
मुरादनगर के तेजपाल त्यागी कुशलपाल त्यागी मेमोरियल कॉलेज में मुख्यमंत्री ने गाज़ियाबाद को ₹868 करोड़ से अधिक की 90 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें गृह विभाग, शिक्षा विभाग, DUDA, PWD, पंचायती राज विभाग और आवास शहरी विकास नियोजन विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नरेट गाज़ियाबाद के थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन और पुलिस लाइन ट्रांजिट हॉस्टल के कार्य की भी शुरुआत की गई। गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को 19 योजनाओं के लिए ₹505 करोड़ मिलेंगे। साथ ही 1,096 प्रधानमंत्री आवासों का लोकार्पण किया गया।
यह भी पढ़ें: जौहर यूनिवर्सिटी तोड़ना राजनीतिक प्रतिशोध — संजय सिंह बोले, 1 लाख स्कूल बंद
हिंडन नदी पर दो लेन पुल
मुरादनगर में हिंडन नदी पर दो अलग-अलग स्थानों — मतौर-डोलचा सीमा और भदौली के समीप — दो लेन पुल के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस परियोजना पर ₹4.8 करोड़ व्यय होंगे।
हापुड़ चुंगी चौराहे पर ₹125 करोड़ की लागत से फ्लाई ओवर बनाया जाएगा जिसके लिए GDA टेंडर जारी कर चुका है।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के चलते जिले को नो ड्रोन जोन घोषित किया गया। रूट, चौराहों और कार्यक्रम स्थल पर डेढ़ हजार पुलिसकर्मी, ACPs, थाना प्रभारी और तीन कंपनी PAC के जवान तैनात रहे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजकरन नय्यर ने बताया कि काफिला आने और जाने के दौरान मात्र पांच मिनट के लिए यातायात रोका जाएगा।


