गाज़ीपुर। गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को जनपद में गौ सम्मान आवाहन अभियान के द्वितीय चरण के तहत बाइक रैली और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। पूज्य भोला गिरी जी महाराज, महामंडलेश्वर बलराम दास जी महाराज और गंगासागर जी महाराज के नेतृत्व में बूढ़े महादेव मंदिर, रुईमंडी से निकली रैली सरजू पांडेय पार्क पहुंची जहां जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।
यह भी पढ़ें: अभियोजन समीक्षा में जून के आंकड़े — गहमर में हत्या के दोषी को मृत्युदंड, POCSO मामलों में 10 साल की सजा
बूढ़े महादेव मंदिर से निकली रैली
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः बूढ़े महादेव मंदिर, रुईमंडी में “श्री राम जय राम जय जय राम” महामंत्र के सामूहिक संकीर्तन से हुआ। संत-महात्माओं ने गौ माता के संरक्षण और राष्ट्र कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में अखंड नाम संकीर्तन प्रारंभ हुआ जो निरंतर जारी रहेगा।
इसके बाद पूज्य श्री श्री 1008 भोला गिरी जी महाराज, महामंडलेश्वर बलराम दास जी महाराज और श्री गंगासागर जी महाराज के सानिध्य में विशाल बाइक रैली निकाली गई। रैली मिश्र बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुंची जहां से जिलाधिकारी के माध्यम से उच्च पदाधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
तीन चरणों में राष्ट्रव्यापी अभियान
यह अभियान तीन चरणों में संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में 27 अप्रैल को देशभर की सभी तहसीलों पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। द्वितीय चरण में 27 जुलाई को देशभर के जिला मुख्यालयों पर जिलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। तृतीय चरण में 27 अगस्त को मुख्यमंत्री और राज्यपाल के माध्यम से पुनः ज्ञापन देकर मांग को और प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
ज्ञापन में देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ माता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान, गौ संरक्षण के लिए कठोर कानून और गौ आधारित कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की मांगें शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: IS-191 गैंग की शस्त्र जांच में चौथी FIR — अफ़ज़ाल अंसारी पर दूसरा मुकदमा, अभिलेखागार से दस्तावेज गायब
संतों और नागरिकों का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर भोला गिरी जी महाराज ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और मानवीय संवेदनाओं की रक्षा का अभियान है। उन्होंने लोगों से इस जनजागरण से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री विजय मिश्र के प्रतिनिधि जेपी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में संत, समाजसेवी और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने गौ संरक्षण और गौ सम्मान के अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

