गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 30 जुलाई को गाज़ीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद पहुंचेंगे। यूसुफपुर नवीन कृषि मंडी समिति परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वे ₹692 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग दोनों सक्रिय हो गए हैं। कार्यक्रम में आवास योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। 50,000 से अधिक लोगों के एकत्रित होने की संभावना है।
कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा
आधिकारिक आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:05 बजे वाराणसी पुलिस लाइन हेलीपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे और 10:25 बजे मुहम्मदाबाद मंडी ग्राउंड हेलीपैड पर उतरेंगे। 10:30 बजे से 11:30 बजे तक परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और जनसभा होगी। जनसभा के बाद 11:30 से 11:45 बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी और 11:50 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान होगा।
50,000 लोगों के बैठने के लिए जर्मन हैंगिंग टेंट लगाया गया है। मंडी समिति की सड़कों की मरम्मत कराई गई है और हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक अलग विशेष मार्ग तैयार किया गया है। विकास कार्यों की जानकारी के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
2500 पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से निगरानी
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा में 4 अपर पुलिस अधीक्षक, 22 पुलिस उपाधीक्षक, 50 निरीक्षक और 250 उपनिरीक्षक के साथ 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। 250 से अधिक महिला पुलिसकर्मी और पीएसी की एक कंपनी भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी मार्गों की निरंतर निगरानी की जाएगी।
मंगलवार को जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और बैरिकेडिंग की समीक्षा की। निरीक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश मिश्रा, एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ला और सीओ सुधाकर पांडेय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील दौरा
मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से अंसारी परिवार के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता रहा है। सांसद अफ़ज़ाल अंसारी से जुड़े हालिया घटनाक्रमों के बीच इस क्षेत्र में मुख्यमंत्री की जनसभा राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बनी हुई है। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले इस दौरे को पूर्वांचल में भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता का संकेत माना जा रहा है। भाजपा नेता और दिवंगत विधायक कृष्णानंद राय के पुत्र पीयूष राय ने कहा कि क्षेत्र में IS-191 गैंग के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट और संपत्तियों की कुर्की जैसी कार्रवाइयों से कानून व्यवस्था में सुधार आया है।
माफियाओं से मुक्त कराई गई संपत्तियों पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुहम्मदाबाद में गंगा कटान से प्रभावित गांवों के लिए स्वीकृत परियोजना का काम अंतिम चरण में है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बन जाने से अब किसानों की उपज कुछ घंटों में लखनऊ और कानपुर की मंडियों तक पहुंचती है।
भाजपा संगठन की पूरी तैयारी
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सभी मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। प्रत्येक बूथ से अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पीयूष राय ने बुधवार को पूरे दिन क्षेत्र के गांवों का दौरा कर लोगों को आमंत्रित किया। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने बताया कि एक दिन पहले उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर गाज़ीपुर की विकास परियोजनाओं पर चर्चा की थी।
इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से जिला प्रशासन को तैयारियां शुरू करने के संकेत मिले। एमएलसी विशाल सिंह चंचल, आनंद राय मुन्ना, डॉ. सानंद सिंह, दिनेश वर्मा और अरुण सिंह सहित कई भाजपा नेता कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे।
जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान
500 सफाई कर्मियों की टीम ने दो दिनों में पूरे परिसर की सफाई की। पेयजल के लिए गाज़ीपुर के साथ आसपास के जनपदों से भी वाटर टैंकर मंगाए गए हैं। मोबाइल शौचालयों की भी व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि आगंतुकों के सुगम आवागमन के लिए विशेष मार्ग बनाए गए हैं और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भांवरकोल में जाम की समस्या से निपटने के लिए गाज़ीपुर और बलिया का प्रशासन मिलकर कार्ययोजना तैयार कर रहा है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए जमीन का अधिग्रहण हो चुका है और काम प्रगति पर है।



