📌 अमित मणि त्रिपाठी
सलेमपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में शनिवार को सलेमपुर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में 239 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 25 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष 214 मामले समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंपे गए। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व कार्यों में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: सीएम डैशबोर्ड में 42वां स्थान — CDO ने 7 अधिकारियों को जारी किया नोटिस
सीमा चिह्न उखाड़े — FIR
रामेश्वर यादव, मीरा देवी और रामाश्रय यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश के बाद लगाए गए सीमा चिह्न (पत्थर) विपक्षियों ने उखाड़ दिए हैं।
जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व कार्यों में बाधा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को समन्वय के साथ विवादित मामलों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके अलावा धारा-24 और धारा-116 से जुड़े कई मामलों की सुनवाई हुई जिन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया।
फरियादी का बना राशन कार्ड
सुभावती देवी, कमलावती देवी, अनीता गुप्ता, नीतू देवी और तेतरी देवी सहित कई लोगों ने अंत्योदय राशन कार्ड बनवाने की मांग रखी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तेतरी देवी का अंत्योदय राशन कार्ड मौके पर ही जारी कर दिया गया। अन्य आवेदनों की पात्रता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम हुल्गी ने कानूनगो और लेखपालों को IGRS पोर्टल पर लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धारा-24 से जुड़ा कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए।
डीएम ने तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण कर पुराने लंबित वादों का अवलोकन किया और प्राथमिकता के आधार पर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: DM हुल्गी के जनता दर्शन में असहाय महिला को योजनाओं की सौगात — दिव्यांग को ट्राईसाइकिल
239 शिकायतें — 25 का निस्तारण
समाधान दिवस में कुल 239 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें राजस्व विभाग की 109, पुलिस की 40, विकास विभाग की 25, समाज कल्याण की 11, स्वास्थ्य की 7, शिक्षा की 4 और अन्य विभागों की 43 शिकायतें शामिल रहीं।
25 शिकायतों का समाधान उसी दिन मौके पर कर दिया गया। बाकी 214 मामले विभिन्न विभागों को तय समय सीमा के भीतर निपटाने के लिए भेजे गए। जिलाधिकारी हुल्गी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि हर प्रकरण का निस्तारण निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, उप जिलाधिकारी सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी, तहसीलदार अलका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

