अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। शनिवार को तहसील रुद्रपुर में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में एक बड़ी बात यह भी सामने आई कि अधिशासी अभियंता आरईडी एवं जलनिगम बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए — जिन पर जिलाधिकारी ने तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया।
समय पर उपस्थिति अनिवार्य — DM की सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस निर्धारित समय प्रातः 10 बजे से अनिवार्य रूप से शुरू होना चाहिए और सभी अधिकारियों की समय पर उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुराने राजस्व वादों पर सख्ती — प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी
जिलाधिकारी ने राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए धारा 24 एवं 116 से संबंधित पांच-पांच पुराने वादों की फाइलें मंगाकर स्वयं जांच की। तहसीलदारों को इन मामलों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा किसी भी स्थिति में पुराने प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि वर्ष 2023, 2024 और 2025 से संबंधित पुराने मामलों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी। बंटवारे से जुड़े मामलों में पारित आदेशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
जमीनी शिकायतों का मौके पर निस्तारण
समाधान दिवस में कई अहम मामले सामने आए। चिलमन मुहान निवासी एक फरियादी ने धारा 176 से संबंधित प्रकरण प्रस्तुत किया — जिस पर जिलाधिकारी देवरिया ने चकबंदी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए। ग्राम उसरा बाजार के ग्रामीणों ने इंटरलॉकिंग सड़क पर अतिक्रमण की शिकायत की — जिस पर उपजिलाधिकारी को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम पिंडरी के एक विवाद में दो लेखपाल और पुलिस टीम को मौके पर भेजकर निस्तारण सुनिश्चित कराने का आदेश दिया गया।
दिव्यांग महिला को मिली तत्काल मदद
समाधान दिवस में एक मानवीय पहल भी देखने को मिली। ग्राम कोरवा निवासी दिव्यांग महिला लुरकी देवी ने ट्राइसाइकिल और आयुष्मान कार्ड की मांग रखी। जिलाधिकारी ने तत्काल उनका आयुष्मान कार्ड तहसील परिसर में ही बनाने की प्रक्रिया शुरू करा दी — साथ ही ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी देवरिया ने आज आयोजित ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण सत्रों की जांच के लिए चेकलिस्ट के साथ लगभग डेढ़ दर्जन जिला स्तरीय अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजा। निरीक्षण में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ड्यू लिस्ट, गर्भवती महिलाओं की जांच, दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता, मातृ शिशु कार्ड की स्थिति और बच्चों के नियमित वजन की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
SP के निर्देश — राजस्व-पुलिस समन्वय अनिवार्य
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद और पारिवारिक मामलों जैसे संवेदनशील प्रकरणों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
61 शिकायतें — 12 का मौके पर निस्तारण
रुद्रपुर के इस संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 27, पुलिस विभाग की 8, विकास विभाग की 6, खाद्य एवं रसद विभाग की 4 और अन्य विभागों से संबंधित 16 शिकायतें शामिल रहीं। कुल 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके गुप्ता, तहसीलदार समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
