बलिया। जनपद के ग्राम पंचायत रतसर स्थित भीखा भगत पोखरा परिसर में शनिवार को NDA के बैनर तले जनसंवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। सुभासपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने मंच से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने उन्हें राजनीतिक तलाक दे दिया है इसी वजह से जब भी उनका सामना होता है तो नेताजी को गुस्सा आ जाता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा के लिए 27 सीटें जीतना भी बड़ी उपलब्धि होगी। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने काले झंडे लेकर ओपी राजभर के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी भी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने और संचालन सुनील सिंह ने किया।
यह भी पढ़ें: ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना — सपा में बसपा वाली वसूली
2027 में सपा 27 सीटें भी नहीं जीतेगी
ओपी राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें राजनीतिक तलाक दे दिया है। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस अब दगे हुए कारतूस बन चुके हैं।
राजभर ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा ने 47 सीटें जीती थीं लेकिन 2027 में उसके लिए 27 सीटें जीतना भी बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी लोकसभा सत्र से पहले ही पार्टी में टूट हो जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के कुछ नेता दिन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते हैं और रात में उनसे मुलाकात करते हैं। जनता इस दोहरे चरित्र को भली-भांति समझ चुकी है।
राजभर ने कहा — “विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं।” उन्होंने अपनी तुलना पौराणिक पात्र बाली से करते हुए कहा कि उन्हें देखकर विरोधियों को 100 डिग्री बुखार आ जाता है। राम मंदिर से जुड़े हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
सपा कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने काले झंडे लेकर ओपी राजभर के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर राजभर ने फेसबुक पर अखिलेश यादव को टैग करते हुए लिखा — “देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके कार्यकर्ता मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा। हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं। अगर दम है तो लोकतांत्रिक ढंग से लड़ें — चुनाव में दम दिखाओ। भगवा फिर भी लहरा के रहेगा।”
यह भी पढ़ें: CM योगी ने गोरखपुर से किया वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ
2029 तक कोई गरीब कच्चे घर में नहीं रहेगा
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि NDA सरकार ने गरीबों के लिए शौचालय, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास जैसी अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने दावा किया कि 2029 तक देश और प्रदेश में कोई भी गरीब कच्चे मकान में नहीं रहेगा। चेयरमैन प्रतिनिधि पवन सिंह के अनुरोध पर उन्होंने नगर में स्टेडियम उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सरकार ने गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। पसमांदा मुस्लिम समाज के उत्थान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और उन्हें विकास की योजनाओं का समान लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर पूर्व मंत्री नारद राय और नगर पंचायत अध्यक्ष अजय राजभर ने उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुभासपा जिलाध्यक्ष सुग्रीव राजभर, पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, राजधारी सिंह, कौशलेंद्र गिरी, रुद्र प्रताप सिंह, विजय लक्ष्मी सिंह, रविंद्र राजभर और नित्यानंद सिंह सहित बड़ी तादाद में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

