उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर, जालौन और आगरा के एकदिवसीय दौरे में तीनों जिलों को ₹2,105 करोड़ से अधिक लागत की 552 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। फतेहपुर में ₹489 करोड़ की 125 परियोजनाएं, जालौन में ₹1,274 करोड़ की 374 परियोजनाएं और आगरा में ₹342 करोड़ की 53 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। तीनों जनसभाओं में सीएम ने NEET पेपर लीक पर नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई का एलान किया।
यह भी पढ़ें: CM योगी की उच्चस्तरीय बैठक — कांवड़ यात्रा में मेरठ मॉडल लागू होगा, निवेश मित्र 3.0 से रियल टाइम मंजूरी
फतेहपुर में 125 परियोजनाओं की सौगात
मदारीपुर कला में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने फतेहपुर को ₹489 करोड़ की 125 विकास परियोजनाओं की सौगात दी जिसमें 87 परियोजनाओं का लोकार्पण और 38 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ग्रामीण पेयजल योजनाओं से दर्जनों गांवों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचेगा।
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले फतेहपुर आकांक्षी जिलों में गिना जाता था और रोजगार, स्वास्थ्य और विकास के पैमानों पर पिछड़ा हुआ था। अब नौ वर्षों में तस्वीर बदली है। उन्होंने अमर शहीद जोधा सिंह अटैया और ठाकुर दरियाव सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र, प्रतीकात्मक चेक, चाबी, आयुष्मान कार्ड और टूलकिट वितरित किए गए।
जालौन में ₹1,274 करोड़ की परियोजनाएं
उरई स्थित इंदिरा स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा में सीएम ने जालौन को ₹1,274 करोड़ की 374 परियोजनाओं की सौगात दी जिसमें 216 परियोजनाओं का लोकार्पण और 108 का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन अब दस्यु क्षेत्र नहीं रहा। यह महर्षि वेदव्यास की पावन धरती है। एक समय बुंदेलखंड को सूखे, बदहाली और शाम होते ही डकैतों की आहट के लिए जाना जाता था लेकिन डबल इंजन की सरकार ने इसे विकास की नई पहचान दी है।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में 56,000 एकड़ भूमि पर आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप (BIDA) विकसित हो रही है जो यहां के लाखों नौजवानों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगी। देश का पहला सोलर एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड में बन रहा है जो 550 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन से 1 लाख घरों तक नवीकरणीय ऊर्जा पहुंचाएगा। झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे का काम शुरू हो चुका है और औद्योगिक विनिर्माण लॉजिस्टिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण प्रगति पर है।
जनसभा में सीएम ने कहा कि कालपी का हस्तनिर्मित कागज उद्योग अब ऑस्ट्रेलिया और जापान तक अपनी पहचान बना चुका है। नून नदी के पुनर्जीवन की सराहना पूरे विश्व में हुई है। रगौली ग्राम पंचायत प्रदेश की पहली ग्राम पंचायत बनी है जिसने शून्य गरीबी का लक्ष्य हासिल कर हर परिवार को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। जालौन में 400 सरोवरों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया गया है।
आगरा को ₹342 करोड़ की परियोजनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे जालौन से हेलिकॉप्टर से सीधे फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान पहुंचे। जनसभा में सीएम ने आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण और आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों को ₹342 करोड़ की 53 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा में सिर्फ एयरपोर्ट ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा और इस दिशा में कदम आगे बढ़ाए जा चुके हैं। इंटरनेशनल पोटेटो सेंटर के लिए आगरा में जमीन उपलब्ध कराई गई है जिससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आगरा अब स्मार्ट सिटी के साथ-साथ सेफ और फ्यूचर रेडी सिटी के रूप में भी पहचान बना रहा है।
सीएम ने कहा कि जिस आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज ने शौर्य दिखाया था वहां सपा सरकार ने मुगल म्यूजियम बनाया था। उनकी सरकार ने वहां शिवाजी म्यूजियम बनाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले जनप्रतिनिधि जनता का काम नहीं करते थे और जनता का पैसा सैफई सिंडिकेट की लूट, खसोट और डकैती का माध्यम बन गया था। नौजवान की नौकरी पर डकैती, गरीब की योजना पर छीना-झपटी और अन्नदाता को खुशहाली से दूर करना — यही कांग्रेस और सपा का इतिहास रहा है।
शाम को आयुक्त सभागार में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में मथुरा और आगरा की कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। रविवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और वृहद बीमा सुरक्षा योजना लॉन्च करेंगे।
10 साल जेल, ₹10 करोड़ जुर्माना
NEET पेपर लीक पर सीएम ने तीनों जनसभाओं में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने नकल माफिया के लिए 10 साल तक के कारावास और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान करने वाला बिल लाने का निर्णय लिया है। दोषियों की संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। फतेहपुर जनसभा में उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
जालौन में सीएम ने कहा कि माफिया और अपराधियों के लिए उत्तर प्रदेश में अब कोई जगह नहीं है। ऐसे लोगों के लिए सिर्फ जेल या जहन्नुम का रास्ता बचा है। अवैध संपत्तियां जब्त की जा रही हैं और भू-माफियाओं पर बुलडोजर चल रहा है।
विपक्ष पर साधा निशाना
जनसभाओं में सीएम ने कांग्रेस और सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नौकरियां योग्यता से नहीं बल्कि परिवारवाद और वसूली से मिलती थीं। युवाओं के हक पर डकैती होती थी जबकि आज पारदर्शी भर्ती से नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। वर्तमान सरकार ने 9 वर्षों में 9 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है।
उन्होंने कहा कि सपा नेताओं ने सरकारी जमीनों पर कब्जे किए जिन्हें अब हटाया जा रहा है। खनन माफिया को संरक्षण मिलता था और विकास कुछ क्षेत्रों तक सीमित था। 2027 विधानसभा चुनाव का संदेश देते हुए सीएम ने कहा कि विकास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
यह भी पढ़ें: CM योगी की फटकार के बाद बिजली बिल पर वापस आएगा नाम-पता — ओवरबिलिंग पर डिस्कॉम को सख्त निर्देश
लंबित परियोजनाओं पर सवाल
सीएम के आगरा दौरे से पहले पर्यटन उद्यमियों और पर्यावरणप्रेमियों ने नगला पैमा में यमुना नदी पर बैराज निर्माण और ताज से रामबाग के बीच यमुना रिवरफ्रंट बनाने की मांग उठाई। टूरिज्म गिल्ड ऑफ आगरा के पूर्व अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने कहा कि नौ साल पहले मुख्यमंत्री ने रबर डैम का शिलान्यास किया था और ₹250 करोड़ का बजट आवंटित हो चुका है लेकिन एक ईंट भी नहीं लगी।
होटल एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद 9 साल में एनओसी नहीं मिली। केंद्रीय जल आयोग ने अब रबर डैम की जगह बैराज बनाने का सुझाव दिया है। वर्ष 2016 में शुरू हुआ छत्रपति शिवाजी म्यूजियम भी 10 साल में अभी तक अधूरा है।


