गाज़ीपुर। विनीत राय हत्याकांड के बाद जिस घर पर पुलिस का पहरा लगा हुआ था उसी अष्टभुजी कॉलोनी में बुधवार देर रात एक और वारदात हो गई। होटल बिंदु के मालिक आलोक राय की बहन और दिवंगत विनीत राय की बुआ स्नेहलता राय उर्फ गुड़िया राय से बदमाश सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। बदमाशों ने यह वारदात घर के मुख्य गेट से महज 20 मीटर की दूरी पर अंजाम दी। सदर कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर पुलिस के 15 आरक्षी बने उपनिरीक्षक — SP का ईमानदारी से सेवा का संदेश
पुलिस पहरे में हुई चेन स्नैचिंग
आलोक राय के अष्टभुजी कॉलोनी स्थित आवास पर विनीत राय हत्याकांड के बाद से पुलिस का पहरा लगा हुआ है। इसके बावजूद बुधवार देर रात बदमाशों ने घर के मुख्य गेट से करीब 20 मीटर की दूरी पर स्नेहलता राय के गले से सोने की चेन छीनकर मौके से रफूचक्कर हो गए।
पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया गया।
विनीत राय हत्याकांड
29 मई की रात होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय उर्फ हनी को चार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आलोक राय ने कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडे, सोनू यादव, कमलेश चौधरी और मोनू त्रिपाठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
3 जून को पुलिस ने ₹1 लाख के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान SWAT टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए थे। अब तक इस मामले में 5 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं जबकि मुख्य आरोपी शंकर पांडे सहित अन्य अभी भी फरार हैं।
इस हत्याकांड ने पूरे गाज़ीपुर जनपद को झकझोर कर रख दिया था। परिवार अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि परिवार की महिला सदस्य के साथ इस चेन स्नैचिंग की वारदात ने एक बार फिर दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
यह भी पढ़ें: 36 साल पुराने देवकली पंप लूट कांड में पूर्व MLC बृजेश सिंह बरी
CCTV खंगाले, जल्द गिरफ्तारी का दावा
सदर कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। मोहल्ले में लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि कैमरों में कैद तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
PC: 112 Uttar Pradesh Pexels



