गाज़ीपुर, 5 अगस्त। जिले के बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर समाधान कराने के लिए विद्युत विभाग ने नई व्यवस्था शुरू की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को जनपद के विद्युत वितरण खंड कार्यालयों में मेगा उपभोक्ता समाधान कैंप का आयोजन किया गया, जो अब हर बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नियमित रूप से लगेगा।
चारों केंद्रों पर लगेगा कैंप
यह साप्ताहिक कैंप जनपद के आमघाट, लालदरवाजा, सैदपुर और जमानिया स्थित विद्युत वितरण खंड कार्यालयों में एक साथ आयोजित करने की घोषणा की गई थी। इन कैंपों का मकसद उपभोक्ताओं को बार-बार दफ्तर के चक्कर लगाने से बचाना और शिकायतों को उसी दिन निपटाना है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक यह व्यवस्था स्थायी रूप से हर बुधवार जारी रहेगी।
शिविर में पहुंचे उपभोक्ता
बुधवार को आयोजित पहले शिविर में उपभोक्ताओं ने बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना के अनुसार आमघाट खंड में 26, जंगीपुर खंड में 22, सैदपुर खंड में 22 तथा जमानिया खंड में 27 उपभोक्ता शिविर में पहुंचे। इन सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर निस्तारण किया गया, जिसमें नए विद्युत कनेक्शन, लोड वृद्धि, लोड परिवर्तन, मीटर परिवर्तन, बिल संशोधन तथा बकाया बिल जमा कराने से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।
इन समस्याओं का समाधान
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जिले के सभी विद्युत वितरण खंड कार्यालयों पर हर बुधवार सुबह 10 बजे से शाम 2 बजे तक नियमित रूप से यह शिविर आयोजित होगा। शिविर में नए कनेक्शन, लोड बढ़ाने-घटाने, मीटर से जुड़ी समस्याओं, बिल संशोधन और बिल सुधार जैसी शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। विद्युत विभाग के अनुसार जिले भर से रोजाना ऐसी शिकायतें बड़ी संख्या में आती हैं, जिनके निस्तारण के लिए अब तक अलग-अलग प्रक्रिया अपनानी पड़ती थी। साप्ताहिक कैंप के जरिए विभाग एक ही स्थान पर अधिकतर समस्याओं को निपटाने की कोशिश करेगा।
अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना के अनुसार हर कैंप में विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे ताकि शिकायतों को तय समय सीमा में निपटाया जा सके। उन्होंने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की कि जिनके बिजली बिल में त्रुटि है या किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी समस्या है, वे अपने संबंधित विद्युत वितरण खंड कार्यालय में हर बुधवार आयोजित होने वाले इस शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान कराएं।


