गाज़ीपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर ईशोपुर और हथौड़ा गांवों के बीच स्थायी क्रॉसिंग की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि कट का बोर्ड लगाए जाने के बावजूद इसे स्थायी रूप से चालू नहीं किया जा रहा। बार-बार अस्थायी रूप से बंद किए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी के साथ हादसों का खतरा भी बना हुआ है। जिला पंचायत सदस्य कमलेश यादव समेत कई ग्रामीणों ने स्थायी क्रॉसिंग खोलने की मांग उठाई है।
यह भी पढ़ें: SIS India का गाज़ीपुर में भर्ती शिविर — 16 जुलाई से शुरू
कट बार-बार बंद — दुर्घटना का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि ईशोपुर और हथौड़ा के बीच बनाया गया कट अनिश्चित स्थिति में है। कभी इसे खोल दिया जाता है तो कभी अचानक अवरोधक लगाकर बंद कर दिया जाता है। कई बार मोटरसाइकिल चालकों के लिए रास्ता छोड़ा जाता है लेकिन कुछ समय बाद उसे भी बंद कर दिया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जब वाहन चालक कट को खुला समझकर आगे बढ़ते हैं और अचानक बंद रास्ता देखते हैं तो उन्हें मजबूरी में रुकना पड़ता है। NH-31 जैसे व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक ब्रेक लगाना हादसे का कारण बन सकता है। बड़ी गाड़ियां कट बंद मिलने पर अचानक रुक जाती हैं जिससे पीछे से आ रहे वाहनों की टक्कर की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि NHAI ने कट का बोर्ड तो लगा दिया लेकिन स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। कट पर रखे गए अस्थायी अवरोधक कभी हटा दिए जाते हैं और कभी दोबारा लगा दिए जाते हैं जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी रहती है।
किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी
ईशोपुर और हथौड़ा गांवों के किसानों के सामने आवागमन की सबसे बड़ी समस्या है। ग्रामीणों के अनुसार ईशोपुर के कई किसानों की जमीन हथौड़ा क्षेत्र में है जबकि हथौड़ा के किसानों की जमीन ईशोपुर क्षेत्र में पड़ती है।
ऐसे में खेती के समय ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि उपकरणों को ले जाने में लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। स्थायी क्रॉसिंग न होने से किसानों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें: CDO आलोक प्रसाद ने भूजल सप्ताह और गंगा स्वच्छता की ली समीक्षा
NHAI से मांगी स्थायी क्रॉसिंग
ग्रामीणों के अनुसार पूर्व एमएलसी विजय यादव और समाजसेवी संजय बगम पहले भी इस मसले को लेकर NHAI अधिकारियों से मिल चुके हैं। बैठक में समाधान का भरोसा दिलाया गया था लेकिन जमीन पर कोई बदलाव नहीं आया।
जिला पंचायत सदस्य कमलेश यादव, हथौड़ा निवासी सूर्यकुमार यादव, आजाद यादव, आनंद यादव, रविंद्र यादव और सपा नेता रामाश्रय यादव सहित कई ग्रामीणों की एकजुट मांग है कि दोनों गांवों के बीच स्थायी क्रॉसिंग बनाई जाए जिससे किसानों और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

