अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के सोहावल में आयोजित जनसभा में ₹432 करोड़ से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया। सीएम ने दो बड़ी घोषणाएं करते हुए खिरौनी सोहावल नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी नगर पंचायत और भरतकुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम भरत नगर भरतकुंड किए जाने की घोषणा की। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, आवास की चाबी और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
यह भी पढ़ें: NH-31 पर ईशोपुर-हथौड़ा के बीच स्थायी क्रॉसिंग की मांग
₹432 करोड़ की 217 परियोजनाएं
सीएम ने ₹163 करोड़ लागत की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जिनमें राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय मसौधा में ट्रांजिट हॉस्टल और ड्रगवेयर हाउस, बीकापुर में राजकीय महाविद्यालय, पर्यटन विकास, लोहिया पुल के पास डाक बंगला, ग्रामीण पेयजल योजना और PWD की सड़कें शामिल हैं। खिरौनी-सुचित्तागंज और भरतकुंड-भदरसा के विभिन्न वार्डों में इंटरलाकिंग का कार्य भी इसमें शामिल है।
शिलान्यास की परियोजनाओं में बीकापुर तहसील के मऊ में वृहद गौ संरक्षण केंद्र, सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन, कंपोजिट विद्यालय अरथर का उच्चीकरण, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिछिया झील का इको पर्यटन विकास और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक से फोरलेन मार्ग निर्माण शामिल हैं।
दो नगर पंचायतों के नाम बदले
सीएम योगी ने विकासखंड परिसर में स्थापित स्वर्गीय मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया। वे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री थे।
इस अवसर पर उन्होंने दो महत्वपूर्ण नाम परिवर्तन की घोषणाएं कीं। खिरौनी सोहावल नगर पंचायत का नाम बदलकर मां ज्वाला देवी नगर पंचायत और भरतकुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम भरत नगर भरतकुंड किया जाएगा।
अयोध्या सोलर सिटी
सीएम ने कहा कि अयोध्या आज सोलर सिटी बन चुकी है। सूरजकुंड का पुनरुद्धार किया गया है और भरतकुंड के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण हो चुका है।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से अयोध्या देश के सभी प्रमुख शहरों से जुड़ चुकी है। भक्ति पथ, राम पथ और जन्मभूमि पथ अयोध्या की नई पहचान बन रहे हैं। जो सड़कें कभी सिंगल लेन थीं वे आज फोरलेन और सिक्सलेन बन चुकी हैं।
सीएम ने कहा कि एक लंबे समय तक अयोध्या बिजली, सड़क और सरयू के जल से वंचित रही लेकिन डबल इंजन की सरकार ने बिना थके बिना रुके काम किया।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के लोगों ने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का काम किया था। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ हो सकता है।
उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस के लोगों ने राम मंदिर निर्माण में बाधा खड़ी की और वक्फ के नाम पर कब्जा करवाने का प्रयास किया। सीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में भगवान राम का भव्य मंदिर बन गया जिसे कोई रोक नहीं पाया।
यह भी पढ़ें: CDO आलोक प्रसाद ने भूजल सप्ताह की समीक्षा ली
वृक्षारोपण भी किया
जनसभा में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक, आवास की चाबी और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भी आवास की चाबियां सौंपी गईं।
सीएम ने वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ये विकास परियोजनाएं जनपद में आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने अच्छे जनप्रतिनिधि चुनने पर बल देते हुए कहा कि विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

