गहमर (गाज़ीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के करवनिया डेरा सेवराई निवासी श्यामा पांडेय और उनकी बेटी ज्योति पांडेय को रविवार दोपहर उनके घर से गिरफ्तार किया गया। दोनों पर झूठे दुष्कर्म मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराए जिसके बाद जांच शुरू हुई और गिरफ्तारी हुई। दोनों के खिलाफ धारा 308(6), 316(2), 352, 61(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: गौ सम्मान आवाहन अभियान की बैठक — 27 जुलाई को डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन
रुपये न मिले तो धमकी
सेवराई निवासी मोहम्मद इसरार ने 12 जुलाई को गहमर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान चुनाव के दौरान उन्होंने गुलाब पांडेय और उनकी पत्नी श्यामा पांडेय को उधार रुपये दिए थे।
बाद में गुलाब पांडेय ने बिहार में जमीन खरीदने के नाम पर और धनराशि की मांग की। इसरार ने एक लाख रुपये सीधे ज्योति पांडेय के बैंक खाते में और श्यामा पांडेय के कहने पर उनके परिचित धर्मेंद्र गुप्ता के खाते में अलग से रुपये भेजे।
जब इसरार ने रकम वापस मांगी तो तीनों ने गाली-गलौज की। ज्योति पांडेय ने झूठे दुष्कर्म मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कई बार रुपये वसूले। इसरार ने ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्य के रूप में थाने को सौंपे।
ऑडियो-वीडियो से हुई गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर गहमर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी जमानियां के निगरानी में प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी के नेतृत्व में रविवार दोपहर करीब 12.30 बजे करवनिया डेरा पहुंची टीम ने श्यामा पांडेय और ज्योति पांडेय को उनके घर से हिरासत में लिया।
शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑडियो और वीडियो साक्ष्य इस मामले में महत्वपूर्ण साबित हुए। जांच में दोनों के खिलाफ आरोप पुष्ट होने के बाद गिरफ्तारी की गई।
यह भी पढ़ें: तेतारपुर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर — 300 लोगों की जांच, 48 मरीज़ रेफ़र, 9 का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन
न्यायालय में किया पेश
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर श्यामा पांडेय और ज्योति पांडेय को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मामले में अन्य आरोपों और साक्ष्यों की जांच जारी है।
इस मामले में गुलाब पांडेय भी आरोपी हैं। उनके विरुद्ध भी अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



