गाज़ीपुर। थाना भांवरकोल क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में 6 जुलाई से लापता 4 वर्षीय बच्चे का क्षत-विक्षत शव गुरुवार को उसके घर से करीब 20-25 मीटर दूर खेत में मिला। शव मिलने की सूचना बच्चे के पिता जामवंत कुशवाहा ने पुलिस को दी। सूचना पर एडिशनल एसपी (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर, क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय और थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। साथ ही बच्चे की दादी कबूतरी देवी को भी हिरासत में लेकर पुछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें: रिटायर्ड ARTO ललित कुमार के घर छापा — ₹35 करोड़ बरामद
6 जुलाई को खेलने निकला था
6 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे बच्चा खेलने के लिए घर से बाहर निकला था। ननिहाल से आई हमउम्र बच्ची के साथ खेल रहा था। कुछ देर बाद वह बच्ची अपने नाना के घर चली गई लेकिन बच्चा वापस नहीं लौटा।
काफी देर इंतजार के बाद पिता जामवंत कुशवाहा ने आसपास खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। उन्होंने थाना भांवरकोल में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई जिस पर BNS की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत हुआ। पुलिस और ग्रामीण तीन दिनों तक बच्चे की तलाश करते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार की सुबह घर के बाहर निकली महिलाओं ने घर से 20-25 मीटर दूर खेत में बच्चे का शव पड़ा देखा। शव काफी सड़ चुका था।
फॉरेंसिक जांच शुरू
बच्चे के शव की स्थिति बेहद दर्दनाक थी। नुकीले हथियार से हमले के निशान मिले। शव से करीब 7 मीटर दूर बच्चे का एक काटा हुआ पैर भी बरामद हुआ। सिर के बाल गायब थे और आंखें निकाली हुई थीं।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय, थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा और पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। एडिशनल एसपी (ग्रामीण) अतुल कुमार सोनकर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर थाने पर क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आवश्यक धाराएं बढ़ाकर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: गहमर पुलिस ने 11 माह पुरानी चोरी का किया खुलासा
दादी फरार होते पकड़ी गई
शव मिलने के बाद गांव में डॉग स्क्वाड बुलाए जाने की चर्चा शुरू हुई। इसी बीच बच्चे की दादी कबूतरी देवी घर से निकलकर गांव के बाहर भागने लगीं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और ग्रामीणों ने गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर दक्षिण दिशा के सिवान से कबूतरी देवी को पकड़कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने उनके कमरे की भी जांच की। ग्रामीणों ने कमरे से दुर्गंध आने की सूचना दी थी। कमरे में एक प्लास्टिक का ड्रम मिला हालांकि उसमें कुछ नहीं मिला। पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ASP अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि गुमशुदा बालक का शव बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


