लखनऊ/नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में आयोजित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के भूमि आवंटन पत्र वितरण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने यमुना सिटी में उद्योग स्थापित करने के लिए 14 कंपनियों को भूमि आवंटन पत्र सौंपे। ये कंपनियां मिलकर करीब ₹5800 करोड़ का निवेश करेंगी जिससे लगभग 10 हजार रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय GDP में 9.1 प्रतिशत योगदान दे रहा है और यह निवेश प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम है।
सबसे बड़ा निवेश — सोलर सेक्टर में
इस कार्यक्रम की सबसे उल्लेखनीय बात रही सोलर ऊर्जा क्षेत्र में आया भारी निवेश। आरपी संजीव गोयंका समूह से जुड़ी CESC ग्रीन पावर ने यमुना सिटी में 100 एकड़ जमीन हासिल क है जहाँ वह सोलर सेल निर्माण इकाई स्थापित करेगी। कंपनी इस परियोजना में करीब ₹3805 करोड़ खर्च करेगी। CESC के निदेशक अंशुल खंडेलवाल ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यमुना सिटी में उपलब्ध अंतरराष्ट्रीय स्तर का बुनियादी ढाँचा यहाँ निवेश करने वाले उद्योगों के लिए बड़ा प्रोत्साहन है और उद्योग जगत प्रदेश सरकार के साथ मिलकर UP को नई ऊँचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दूसरा बड़ा निवेश इंटीग्रेटेड बैटरीज का रहा — जिसने 25 एकड़ जमीन आवंटित कराई है और ₹1146 करोड़ का निवेश करेगी। दोनों कंपनियों को सेक्टर-8डी में भूमि आवंटित की गई है।
कौन-कौन सी कंपनियाँ हैं शामिल?
आवंटन पत्र पाने वाली प्रमुख कंपनियों में CESC ग्रीन पावर, वेगा इंडस्ट्रीज, साहू इंटरनेशनल अटायर, क्वार्क्स टेक्नोसॉफ्ट, वर्चुअल इंप्लाई, समरकूल, रिद्धि सिद्धि पेपर्स, JMV LPS, साईंनाथ सेल्स, एजिलिटी इलेक्ट्रोटेक्निक्स, NDSB इंफ्रास्ट्रक्चर, एडवांस पैनल एंड स्विचगियर्स, अल्फा कम्युनिकेशंस, इंटीग्रेटेड बैटरीज, अर्सेनल इंफोसॉल्यूशंस, एमेड्यूअस इंडिया और मां पेट प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। सभी कंपनियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द निर्माण शुरू कर औद्योगिक इकाइयों को क्रियाशील किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: CM योगी ने देवरिया को दी 655 करोड़ की सौगात
GBC 5.0 से जुड़ा है यह निवेश
YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि भूमि आवंटन पाने वाली ये कंपनियाँ उन 136 निवेशकों की सूची में हैं जो आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 में भाग लेंगी। प्राधिकरण ने अपने लिए ₹30,000 करोड़ का निवेश लक्ष्य निर्धारित किया था — लेकिन इन कंपनियों के प्रतिबद्ध निवेश को जोड़ें तो यह आंकड़ा ₹30,885 करोड़ तक पहुँच जाता है — यानी लक्ष्य से भी आगे।
CM योगी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे का प्रदेश बन रहा है — देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे आज UP में हैं। उन्होंने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट से पूरे पश्चिमी UP को लाभ होगा और वहाँ कार्गो हब बनने से निर्यात में भी तेजी आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि UP सरकार निवेशकों के साथ सहभागिता और विश्वास के आधार पर प्रदेश के समग्र विकास को नई गति दे रही है।
मंच पर उपस्थित रहे ये प्रमुख चेहरे
इस अवसर पर औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, NRI एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, अपर मुख्य सचिव वित्त व IIDC दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव औद्योगिक विकास आलोक कुमार, YEIDA CEO राकेश कुमार सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।।
