गाज़ीपुर। जमानियां बाल विकास परियोजना में कार्यरत मुख्य सेविका अनामिका राय ने उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), सरोजिनी नगर, लखनऊ में आयोजित 30 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में “सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु” का प्रमाण पत्र प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया। यह सम्मान बाल विकास परियोजना निदेशालय की उप निदेशक स्वाति सिंह द्वारा प्रदान किया गया। एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS) के तहत नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं का यह 30 दिवसीय प्रशिक्षण 11 जून से 11 जुलाई तक चला जिसमें कुल 75 प्रशिक्षु शामिल रहीं। गाज़ीपुर से इस बैच में 15 मुख्य सेविकाओं ने प्रतिभाग किया।
यह भी पढ़ें: भाजपा ने सभी बूथों पर चलाया एक पेड़ माँ के नाम अभियान
“सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु” का प्रमाण पत्र
उप निदेशक स्वाति सिंह ने प्रशिक्षण के अंतिम दिन सभी 75 प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग सर्टिफिकेट वितरित किए। इनमें जमानियां की मुख्य सेविका अनामिका राय को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से “सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु” का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अनामिका राय ने बताया कि यह प्रशिक्षण उनके लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक रहा। प्रशिक्षण के दौरान विभागीय योजनाओं के संचालन, नेतृत्व क्षमता के विकास, डिजिटल मॉनिटरिंग, फील्ड प्रबंधन और प्रभावी प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से अर्जित अनुभव और ज्ञान का उपयोग वह विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के मार्गदर्शन में करेंगी। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग को दिया।
गाज़ीपुर से 15 मुख्य सेविकाएं
उद्यमिता विकास संस्थान के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों से आने वाली नवनियुक्त सुपरवाइजरों के लिए यह विशेष प्रशिक्षण अभियान पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य फील्ड में विभागीय योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए पर्यवेक्षकों को तकनीकी, प्रशासनिक और डिजिटल कार्यप्रणाली में दक्ष बनाना है।
इस बैच में कुल 75 मुख्य सेविकाओं ने प्रशिक्षण लिया जिनमें गाज़ीपुर जनपद से 15 मुख्य सेविकाएं शामिल रहीं। समापन अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और संस्थान के प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: पीजी कॉलेज में एक पेड़ माँ के नाम अभियान — किया पौधारोपण
अनामिका राय का अनुभव
सादात ब्लॉक से प्रशिक्षण में शामिल मुख्य सेविका शिखा कन्नौजिया ने कहा कि 30 दिनों का यह प्रशिक्षण उनके लिए बहुत उपयोगी रहा। विभागीय कामकाज, प्रबंधन कौशल और डिजिटल मॉनिटरिंग की समझ से फील्ड में काम करना पहले से कहीं सरल हो जाएगा।
विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने अनामिका राय को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वह अपने अनुभव और कार्यकुशलता के दम पर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी संचालन कर पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाएंगी।


