गाज़ीपुर, 10 अगस्त। जमानिया नगर पालिका परिषद के फर्जी लेटर पैड विवाद में तीन दिन से चल रहा चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता का अनशन सोमवार को खत्म हो गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के धरना स्थल पहुंचकर बातचीत करने के बाद उन्होंने रामलीला मैदान में अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान किया।
जिलाध्यक्ष का आश्वासन, अनशन खत्म
एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक की शिकायत पर पद के दुरुपयोग समेत अन्य आरोपों में चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसे उन्होंने राजनीतिक साजिश और फर्जी बताते हुए धरने पर बैठने का फैसला लिया था। सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय स्वयं धरना स्थल पहुंचे और चेयरमैन के साथ बैठकर पूरे मामले पर विस्तार से बातचीत की।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने चेयरमैन की बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक संवाद के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए समझाया। आपसी बातचीत और सहमति के बाद धरना समाप्त कराया गया। इससे पहले काशी क्षेत्र अध्यक्ष ने भी फोन कर चेयरमैन से बातचीत की थी।
यह भी पढ़ें: जंगीपुर में भव्य तिरंगा यात्रा, शहीदों की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा मामला
धरना स्थल पर मौजूदगी के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रतिनिधि का भी चेयरमैन के पास फोन पहुंचा, जिसमें भरोसा दिलाया गया कि शीर्ष नेतृत्व पूरे मामले पर नजर रखे हुए है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने बताया कि यह प्रकरण भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, मुख्यमंत्री तथा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री तक पहुंच चुका है। उन्होंने साफ किया कि जांच पूरी होने तक चेयरमैन के खिलाफ कोई पुलिसिया कार्रवाई नहीं की जाएगी। ओमप्रकाश राय ने कहा, “जनहित से जुड़े विषयों का समाधान संवाद और समन्वय के माध्यम से करना ही हमारी प्राथमिकता है।”
गुप्ता बोले, न्याय की उम्मीद
धरना समाप्त करते हुए जयप्रकाश गुप्ता ने कहा, “मुझे न्याय की पूरी उम्मीद है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, क्षेत्रीय अध्यक्ष तथा केशव मौर्य जी के प्रतिनिधि के आश्वासन के बाद मैंने धरना समाप्त किया है।” उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इस पर पार्टी को गंभीरता से ध्यान देना होगा।
इस मौके पर पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, जिला महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, मनीष, संदीप बिंद, अनिल कुमार और जिला मंत्री पप्पू कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि ब्लॉक प्रमुख संघ अध्यक्ष अवधेश राय द्वारा खुलकर चेयरमैन का समर्थन किए जाने के बाद ही इस विवाद ने बड़ा राजनीतिक रूप लिया।

