गाज़ीपुर। केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बुधवार 15 जुलाई को गाज़ीपुर में पात्र परिवारों को बीमा राशि सौंपी। दूसरी ओर खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने अनुसूचित जाति के युवाओं को लघु उद्योग से जोड़ने के लिए 100 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की।
यह भी पढ़ें: मेरठ ललिता गौतम हत्याकांड पर सैदपुर SDM को ज्ञापन
यूनियन बैंक ने दिए बीमा चेक
गाज़ीपुर क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में PM जीवन ज्योति बीमा योजना और PM सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत नामित परिजनों को बीमा राशि के चेक सौंपे गए। एक नामिनी को ₹2 लाख का चेक दिया गया। कार्यक्रम में अंचल प्रमुख टी. कामेश्वर राव, उप अंचल प्रमुख के.डी. गुप्ता, क्षेत्र प्रमुख विनय शंकर और अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार उपस्थित रहे।
टी. कामेश्वर राव ने कहा — “प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आम नागरिकों के लिए संकट के समय आर्थिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम हैं। हमारा प्रयास है कि हर पात्र परिवार इन योजनाओं से जुड़े और समय पर लाभ प्राप्त करे।”
उन्होंने बैंक कर्मचारियों और बैंक मित्रों से अधिक से अधिक पात्र ग्राहकों का इन योजनाओं में नामांकन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।
₹20 में सुरक्षा, ₹436 में जीवन बीमा
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का वार्षिक प्रीमियम मात्र ₹20 है जबकि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का वार्षिक प्रीमियम ₹436 है। इन योजनाओं के माध्यम से दुर्घटना और मृत्यु की स्थिति में लाभार्थियों के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
यूनियन बैंक ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे नजदीकी बैंक शाखा या बैंक मित्र के माध्यम से इन योजनाओं में नामांकन कर सामाजिक सुरक्षा का लाभ लें।
यह भी पढ़ें: किसान दिवस में सिंचाई-खाद-बिजली के मुद्दे — CDO सख्त, सूखे पर 50% बीज अनुदान
अनुसूचित जाति के युवाओं को प्रशिक्षण
राजकीय फल संरक्षण केंद्र, गाज़ीपुर द्वारा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर अनुसूचित जाति के युवा पुरुषों और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 100 दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। इसमें आचार, जैम, जेली और मुरब्बा बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान जनपद और मंडल में स्थापित फैक्ट्रियों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
इस कार्यक्रम में कुल 30 अभ्यर्थियों को “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। न्यूनतम हाईस्कूल पास और 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क ₹300 निर्धारित है।
आवेदन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र और 4 पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। प्रशिक्षण में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी बंशी बाजार स्थित राजकीय फल संरक्षण केंद्र (पेट्रोल पंप के समीप) में कार्यालय समय के दौरान पहुंचकर आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।

