गाज़ीपुर, 6 अगस्त। घास काटने गई एक 12 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद बुधवार रात पहराजपुर गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। परिवार वालों ने मारपीट का आरोप लगाकर करीमुद्दीनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। मामले में गुरुवार शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, जिसमें मौत का कारण करंट लगना दर्ज किया गया।
घास काटने गई किशोरी की मौत
मृतका की उम्र 12 वर्ष बताई गई है। पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम की ये घटना उस वक्त हुई जब किशोरी घास काटने के लिए अपनी बहन और तीन साथी लड़कियों के साथ उत्तरांव गांव की तरफ निकली थी। परिजनों के अनुसार वहां अमरूद तोड़ने की बात पर विवाद हुआ, जिसमें स्थानीय निवासी स्वामीनाथ यादव, उनके पुत्र मदन यादव व अनीश यादव तथा एक अज्ञात महिला शामिल थी।
आरोप है कि इसी झड़प के दौरान लाठी-डंडों से हमला हुआ, जिसमें किशोरी की जान चली गई। तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने शव को पास में गिरे बिजली के तार पर रखकर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की। मृतका के दादा शोभा राजभर की तहरीर पर उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्रामीणों का हंगामा
बुधवार शाम घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुरुआत में पुलिस की गाड़ियों को आगे बढ़ने नहीं दिया गया, इसके बाद शव को लट्ठूडीह-रसड़ा मार्ग पर रखकर करीब तीन घंटे का लंबा जाम लगा दिया गया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस वाहनों पर पथराव भी कर दिया, जिससे कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
इसके बाद उपजिलाधिकारी ध्रुव शुक्ला, क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय तथा कासिमाबाद सर्किल के चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद देर रात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष राजनारायण चौरसिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया जाएगा।
करंट से मौत की पुष्टि
क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया था कि प्रथम दृष्टया मृतका के शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले, जबकि शरीर के कई हिस्सों पर झुलसने के निशान पाए गए थे। उन्होंने कहा था कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
गुरुवार देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट में करंट लगने से मृत्यु होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मारपीट के आरोपों की जांच अब भी जारी है। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है।

