गाज़ीपुर। केंद्र सरकार के बारह वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में चल रहे जन-कल्याण अभियान के तहत शनिवार को गाज़ीपुर के विकास खंड सैदपुर की ग्राम पंचायत हसनपुर में ग्राम चौपाल का आयोजन हुआ। “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में मंडलायुक्त वाराणसी मंडल एस. राजलिंगम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी इस मौके पर उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: योग दिवस तैयारियां पूरी, राजभर मुख्य अतिथि
‘सरकार आपके द्वार’
यह आयोजन 5 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेशभर में चल रहे समेकित जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा है। “गांव की समस्या गांव में” के संकल्प के साथ प्राथमिक विद्यालय हसनपुर परिसर में ग्राम चौपाल लगाई गई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं। लोगों ने बिजली आपूर्ति, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यवस्था, पेंशन, राजस्व कार्य और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना से जुड़ी शिकायतें और सुझाव रखे।
मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सभी जन-समस्याओं का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती गई, तो सख्त कार्रवाई होगी।
योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे
चौपाल में वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय निर्माण, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और कन्या सुमंगला समेत कई योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र ग्रामीणों को इन योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई मौके पर की गई।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से मिले। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे गांव स्तर पर नियमित भ्रमण करें, विकास कार्यों की निगरानी रखें और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता पर सुलझाएं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र और प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें: समाधान दिवस में 511 शिकायतें दर्ज
गोदभराई, अन्नप्राशन और पौधरोपण
मंडलायुक्त ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, उप जिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी राजन राय, पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

