गाज़ीपुर, 1 अगस्त। कुटुम्ब न्यायालय गाज़ीपुर में 1 परामर्शदाता की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं। प्रधान न्यायाधीश शैलोज चन्द्र ने बताया कि माननीय इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में यह नियुक्ति की जानी है। इच्छुक अभ्यर्थी 4 अगस्त 2026 तक पारिवारिक न्यायालय के प्रशासनिक कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। तय तिथि के बाद जमा होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: महाहर धाम में कांवड़ यात्रा को लेकर DM-SP की समीक्षा बैठक
योग्यता और वरीयता शर्तें
इस पद के लिए आवेदक का UGC मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र या मनोविज्ञान में स्नातक होना अनिवार्य है। साथ ही समाज सेवा का अनुभव भी होना चाहिए। जो अभ्यर्थी सामाजिक कार्य में मास्टर डिग्री के साथ पारिवारिक काउंसलिंग में न्यूनतम दो वर्ष का अनुभव रखते हैं उन्हें वरीयता दी जाएगी। गाज़ीपुर जनपद के निवासियों को भी वरीयता मिलेगी।
आयु सीमा की बात करें तो आवेदक की उम्र विज्ञप्ति प्रकाशन की तिथि को 35 से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यह नियुक्ति शासकीय सेवा नहीं मानी जाएगी बल्कि संविदा आधार पर होगी। नियुक्त परामर्शदाता को शासनादेश के अनुसार मानदेय दिया जाएगा।
क्या है चयन प्रक्रिया
आवेदन प्राप्त होने के बाद राज्य सरकार द्वारा स्क्रूटनी की जाएगी और एक पद के सापेक्ष पांच योग्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद माननीय उच्च न्यायालय परिवार एवं बाल विकास से संबंधित विशेषज्ञों से विचार-विमर्श कर नाम की संस्तुति राज्य सरकार को करेगा।
राज्य सरकार उच्च न्यायालय की संस्तुति के आधार पर अधिसूचना जारी करेगी। यह नियुक्ति इलाहाबाद उच्च न्यायालय में लंबित रिट याचिका संख्या 10298/2026 में पारित किसी भी अन्य आदेश और राज्य सरकार द्वारा बनाए जाने वाले नियमों के अधीन होगी। परामर्शदाता का कार्यकाल 3 वर्ष का होगा।
यह भी पढ़ें: कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही का सैदपुर में औचक निरीक्षण
कैसे करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन पत्र तैयार करें। साथ में शैक्षिक और अनुभव प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित छायाप्रति और अन्य वांछित दस्तावेज संलग्न करें। पूरा आवेदन 4 अगस्त 2026 तक प्रशासनिक कार्यालय, पारिवारिक न्यायालय गाज़ीपुर में व्यक्तिगत रूप से जमा करना होगा। डाक या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाने का कोई उल्लेख नहीं है इसलिए अभ्यर्थी समय से अपना आवेदन स्वयं जमा करें।

