गाज़ीपुर। विनीत राय हत्याकांड के एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद जनपद में तनाव का माहौल बन गया। तीन जून को मुठभेड़ में मारे गए कमलेश का चार जून को पोस्टमार्टम कराने के पश्चात जब परिजनों को शव सौंपा गया, तो उन्होंने फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के निकट शव सड़क के बीचोंबीच रखकर उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। देर रात पुलिस ने 6 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
शव रखकर जाम, पुलिस पर पथराव
उप निरीक्षक राम मिलन यादव की तहरीर के अनुसार चार जून को पुलिस टीम अष्टभुजी कॉलोनी स्थित विनीत राय के घर और गोड़ा देहाती स्थित बिंदु होटल के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मृतक कमलेश के परिजनों ने शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पर रख दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और भीड़ में शामिल लोग नहीं माने। इसके बाद भीड़ ने पुलिस टीम पर जमकर पथराव शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: गाज़ीपुर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान — 7.06 लाख पौधों का लक्ष्य
सीओ सिटी सहित कई पुलिसकर्मी घायल
पथराव की इस घटना में सीओ सिटी शेखर सेंगर, नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल मिश्रा, महिला कांस्टेबल रेशमा, कांस्टेबल अभिनव कन्नौजिया एवं कांस्टेबल दिवाकर सिंह सहित कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए। सभी घायल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस की एक टीम पर इस तरह का हमला जनपद में चर्चा का विषय बन गया और प्रशासन ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया।
6 नामजद, 50 अज्ञात पर प्राथमिकी
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक राम मिलन यादव की तहरीर के आधार पर मृतक कमलेश चौधरी के भाई एवं प्रधान पति संजय कुमार बिंद, गोड़ा देहाती की ग्राम प्रधान अनिता बिंद, मोहिल बिंद, राजकुमार बिंद, बिहार के भभुआ दड़वा कमलवता नोनहरा थाना की विंचरिया बिंद तथा 50 अज्ञात महिला-पुरुष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: कमलेश बिंद के शव पर बवाल, पुलिस पर पथराव — CO घायल
एएसपी बोले — सख्त कार्रवाई होगी
एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शव रखकर उपद्रव करने और पुलिसकर्मियों पर पथराव करने के मामले में 6 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि विनीत राय हत्याकांड में वांछित कमलेश चौधरी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। तीन जून को हुई पुलिस मुठभेड़ में कमलेश चौधरी की मौत हो गई थी। मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय हैं।

