गाज़ीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में राईफल क्लब सभागार में गौआश्रय स्थलों के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने हरे चारे की कमी से किसी गौवंश की मृत्यु होने पर संबंधित सचिव और ग्राम प्रधान पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। अस्थायी गौआश्रय स्थल जौहरगंज, सैदपुर के अधिशासी अधिकारी का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी रजन राय, DPRO रमेश चंद्र उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही और समस्त खंड विकास अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: कासिमाबाद पुलिस ने सागौन तस्कर को किया गिरफ्तार — 16 बोटा सागौन बरामद
गौवंश की मृत्यु पर होगी कठोर कार्रवाई
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के समस्त गौआश्रय स्थलों पर हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि हरे चारे की कमी से किसी गौवंश की मृत्यु होती है तो संबंधित सचिव और ग्राम प्रधान पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
SFC पूलिंग की समीक्षा में जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को अगले 15 दिन में शत-प्रतिशत पूलिंग की धनराशि जनपद स्तर पर खोले गए खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए गौआश्रय स्थलों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ मिट्टी भराई और खंडजा लगाने के भी निर्देश दिए गए।
गौशाला में संरक्षित कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अभियान चलाकर खेतों और सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंशों को नजदीकी गौआश्रय स्थल में संरक्षित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक विकास खंड में एक कैटल कैचर और प्रत्येक गौआश्रय स्थल पर एक काऊ लिफ्टर मशीन खरीदने के भी निर्देश दिए।
इस अभियान से आवारा गौवंशों की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होने की उम्मीद है। गौवंशों को सुरक्षित आश्रय मिलने से उनके स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: गंगा में एक महीने से फंसा जलपोत वाराणसी रवाना
लापरवाह संस्थाओं को नोटिस
अस्थायी गौआश्रय स्थल जौहरगंज, सैदपुर में CCTV कैमरा न लगाने और समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी सैदपुर का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही गौआश्रय स्थलों के संचालन में लापरवाही बरतने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने और गौआश्रय संचालन अनुबंध पत्र निरस्त करने के भी निर्देश दिए गए।


