गाज़ीपुर। उप कृषि निदेशक ने जनपद के किसानों को सूचित किया है कि खरीफ 2026 से कृषि विभाग की योजनाओं के तहत सामान्य वितरण एवं मिनीकिट कार्यक्रम के बीजों का वितरण अब ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर नहीं होगा। इसके स्थान पर ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। रबी सत्र में तोरिया, सरसों, गेहूं, जौ और दलहनी-तिलहनी फसलों के बीजों के लिए किसानों को विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन आए तो जिला स्तरीय समिति की निगरानी में ई-लॉटरी से चयन होगा। जिन किसानों के पास ऑनलाइन सुविधा नहीं है वे न्याय पंचायत के प्राविधिक सहायक या नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर जाकर निःशुल्क बुकिंग करा सकते हैं।
तोरिया और गेहूं-जौ की बुकिंग शुरू
रबी सत्र के लिए तीन फसल वर्गों में अलग-अलग बुकिंग तिथियां निर्धारित की गई हैं।
तोरिया के लिए बुकिंग 2 जुलाई 2026 से शुरू होकर 16 अगस्त 2026 तक चलेगी। 17 अगस्त को ई-लॉटरी होगी।
दलहनी एवं तिलहनी फसलों के लिए बुकिंग 10 जुलाई 2026 से शुरू होगी और 10 सितंबर 2026 तक चलेगी। 11 सितंबर को ई-लॉटरी होगी।
गेहूं एवं जौ के लिए बुकिंग 2 जुलाई 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगी। 1 अक्टूबर को ई-लॉटरी होगी।
दूसरे और तीसरे चरण की बुकिंग 7-7 दिन के अंतराल पर खोली जाएगी। प्रत्येक चरण में सोमवार से बुधवार तक बुकिंग होगी, गुरुवार को ई-लॉटरी और शुक्रवार से रविवार तक फिर बुकिंग की व्यवस्था रहेगी।
यह भी पढ़ें: जमानियां-करंडा में NRLM कार्यशाला — CDO का संवाद
किस तरह होगी बुकिंग
किसान agriculture.up.gov.in पर अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से खुद बुकिंग कर सकते हैं। जिन किसानों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है या ऑनलाइन काम करने में दिक्कत हो, वे अपने क्षेत्र के न्याय पंचायत के प्राविधिक सहायक से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर भी निःशुल्क बुकिंग कराई जा सकती है।
यह नई व्यवस्था बीज वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। पहले ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर बीज दिए जाते थे जिससे कई पात्र किसान लाभ से वंचित रह जाते थे। अब ई-लॉटरी से सभी आवेदकों को समान अवसर मिलेगा।
अधिक बुकिंग पर ई-लॉटरी
यदि किसी फसल के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो जिला स्तरीय समिति की देखरेख में ई-लॉटरी संपन्न होगी। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित होगा कि चयन में कोई भेदभाव न हो।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे तिथि समाप्त होने से पहले बुकिंग अवश्य करा लें। देर से बुकिंग करने पर लॉटरी में नाम शामिल न होने का खतरा रह सकता है।



