📌 अमित मणि त्रिपाठी
देवरिया। इनर व्हील क्लब देवरिया सृजन-312 का सत्र 2026-2027 का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को स्थानीय होटल में आयोजित हुआ। समारोह में मंडलाध्यक्ष मधु कमानी गोरखपुर से विशेष रूप से देवरिया पहुंचीं और मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम को संबोधित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह उपस्थित रहीं। निर्वतमान अध्यक्ष सीमा जायसवाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।
नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण
समारोह में नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण किया गया। शर्मिला सोनी को अध्यक्ष, प्रेम केडिया को उपाध्यक्ष, आभा श्रीवास्तव को सचिव और आराधना गुप्ता को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा खुशबू सोनी को आई.एस.ओ. और डॉ. माया सिंह को एडिटर पद का दायित्व सौंपा गया।
क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट डॉ. माया सिंह ने मंडलाध्यक्ष मधु कमानी का जीवन परिचय पढ़कर उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया। डॉ. शीला सिंह ने मंच संचालन कर कार्यक्रम को सफल बनाया। सभी चार्टर सदस्यों एवं विशिष्ट सदस्यों को शाल और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
जरूरतमंदों को सहायता भेंट
समारोह में सेवा भाव को केंद्र में रखते हुए जरूरतमंदों को सहायता प्रदान की गई। कक्षा 5 के विद्यार्थी मोहित को साइकिल भेंट की गई। नीतू वर्मा को पार्लर कोर्स का प्रमाण पत्र और नया व्यवसाय शुरू करने के लिए पार्लर संबंधी आवश्यक सामग्री दी गई ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
समारोह में सभी सदस्यों ने पोस्टर के माध्यम से पानी बचाओ, पौधा लगाओ, कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव और नो प्लास्टिक अभियान के तहत प्लास्टिक थैलों की जगह कपड़े के थैले उपयोग करने का संदेश दिया।
मंडलाध्यक्ष का संबोधन
मंडलाध्यक्ष मधु कमानी ने अपने संबोधन में कहा कि “नेता तभी अच्छे हैं जब उनका नेतृत्व अच्छा हो, तभी सभी अपनी पूरी क्षमता से कार्य करते हैं।” उन्होंने कहा कि विकास का कार्य केवल लोगों का नहीं बल्कि विचारों का भी होना चाहिए। उन्होंने सदस्यों को प्रेरित करते हुए कहा कि “जहां भी रहें, सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य रखें ताकि आगे की कुर्सी हमेशा आपके लिए सुरक्षित रहे।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की सदस्यों अनीता लाल, नीरा सिंह, रेखा श्रीवास्तव, रीना गुप्ता, मोनिका नागरथ, निरुपमा त्रिपाठी, बीना त्रिपाठी, संतोष अग्रवाल, मनीषा सिंह, सुमन शुक्ला, लक्ष्मी जायसवाल और तनिष्का का सहयोग रहा।
इस अवसर पर रोटरी क्लब प्रेसिडेंट कपिल सोनी, सचिव जावेद अहमद सिद्दीकी, भूतपूर्व रोटरी प्रेसिडेंट राजेंद्र जायसवाल, अरुण बरनवाल, सचिव डॉ. मनोज मद्धेशिया, रोटरेक्ट अध्यक्ष अभिषेक, इंटरेक्ट क्लब अध्यक्ष प्रखर जायसवाल और सचिव संस्कार सोनी भी उपस्थित रहे।

