गाज़ीपुर। बहरियाबाद क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित विनयना इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस प्रा. लि. के कार्यालय में बृहस्पतिवार सुबह करीब 8 बजे एक कर्मचारी का शव पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान सैदपुर थाना के राजापुर गांव निवासी इंद्रजीत यादव (30) के रूप में हुई। प्रबंधक धर्मेंद्र यादव जब सुबह नित्य क्रिया के लिए कार्यालय में पहुंचे तो यह दृश्य देखकर हतप्रभ रह गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के चाचा राधेश्याम यादव की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: हिस्ट्रीशीटर ने घर में घुसकर की फायरिंग
बुधवार रात कार्यक्रम से लौटे
बुधवार की शाम इंद्रजीत यादव प्रबंधक धर्मेंद्र यादव के साथ राजापुर गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। रात करीब 9 बजे दोनों कार्यालय लौटे और ऊपरी तल पर सो गए।
बृहस्पतिवार सुबह जब प्रबंधक धर्मेंद्र यादव नीचे स्थित कार्यालय में पहुंचे तो देखा कि इंद्रजीत का शव रस्सी के सहारे पंखे से लटका हुआ है। मृतक के दोनों पैर मुड़कर टेबल पर टिके हुए थे। यह देखकर उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।
यह कंपनी फातिमपुर गांव निवासी जयप्रकाश यादव के रायपुर बाजार स्थित मकान में संचालित है। इंद्रजीत यहां कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और कार्यालय के ऊपरी तल पर रहते थे।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद और उनकी टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पंखे से लटककर आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतक के चाचा राधेश्याम यादव की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।
इंद्रजीत यादव के पिता का निधन बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनका पालन-पोषण बड़े पिता कांता यादव और बड़ी मां सावित्री देवी ने किया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। बड़े पिता, बड़ी मां और माता सुनरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: गंगा में 20 दिनों से जलपोत फंसा
आधिकारिक पुष्टि नहीं
ग्रामीणों में चर्चा है कि इंद्रजीत यादव का किसी युवती से प्रेम प्रसंग था और युवती की शादी तय होने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। हालांकि इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल थाना सैदपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

