Deoria: नगर पंचायत हेतिमपुर में सभासद ने पंचायत अध्यक्ष पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप!

देवरिया, देवरिया न्यूज, देवरिया यूपी 52, हेतिमपुर नगर पंचायत, सभासद बनाम अध्यक्ष
Share This

देवरिया के हेतिमपुर नगर पंचायत में वार्ड संख्या 14, राम जानकी नगर के सभासद नीरज गुप्ता ने प्रशासन और नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को प्रेस वार्ता कर उन्होंने विकास कार्यों में हो रही अनदेखी और नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से जुड़े नीरज गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां निभाने में विफल रहे हैं।

बोर्ड बैठकों में शामिल नहीं किया जाता!

नीरज गुप्ता ने बताया कि सभासद बनने के बाद से उन्हें नगर पंचायत के कामकाज में कोई भागीदारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुसार हर महीने नगर पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों को मिलकर बैठक आयोजित करनी चाहिए। लेकिन हेतिमपुर नगर पंचायत में न तो बैठकें नियमित रूप से होती हैं और न ही सभासदों को इसमें शामिल किया जाता है।

उन्होंने कहा, “मैंने बार-बार नगर पंचायत अध्यक्ष से बोर्ड बैठकें आयोजित करने की मांग की। साथ ही जिला प्रशासन, आयुक्त और उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव को पत्र भी लिखा। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।”

विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी!

नीरज गुप्ता ने नगर पंचायत में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार द्वारा भेजी गई धनराशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है।

आगे उन्होंने कहा “सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम सिर्फ कागजों पर हो रहे हैं। हम सभासदों को इन कार्यों की कोई जानकारी नहीं दी जाती।” गुप्ता का आरोप है कि जनता को उनके अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है।

Soni Homes Deoria, Deoria news, Deoria
विज्ञापन

जनता के अधिकारों की अनदेखी!

नीरज गुप्ता ने कहा कि जनता का अधिकार है कि उन्हें उनके क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान के बारे में पूरी जानकारी मिले। उन्होंने कहा, “लोगों ने हमें उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए चुना है। लेकिन प्रशासन और नगर पंचायत की अनदेखी के कारण जनता को उनका हक नहीं मिल रहा है।”

उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने जनसंपर्क विभाग से सात अलग-अलग मामलों में जानकारी मांगी थी, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया। नीरज ने दावा किया है कि उनके पास नगर पंचायत में हो रही अनियमितताओं के पुख्ता सबूत हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

नीरज गुप्ता ने जिला प्रशासन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की कि नगर पंचायत में व्याप्त अनियमितताओं की जांच की जाए। साथ ही, उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को उनका हक मिल सके।

हेतिमपुर नगर पंचायत में व्याप्त अनियमितताएं क्षेत्र के विकास में बाधा बन रही हैं। सभासद नीरज गुप्ता ने इन समस्याओं को उजागर कर प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इन आरोपों पर क्या कदम उठाता है और जनता को राहत कब तक मिलती है।