मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच कौन मारेगा बाज़ी 

Share This

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान हुआ, इस दौरान करीब 96 प्रतिशत वोट डाले गए। कांग्रेस प्रमुख के पद के लिए वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला हो रहा है। चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को सामने आएंगे। चुनाव से जुड़ी कुछ अहम बातें, 

खड़गे और थरुर के बीच किसकी होगी अध्यक्षी

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने वोट डाला। इस चुनाव में करीब 96 प्रतिशत मतदान हुआ। सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर मतदान किया।वोट डालने से पहले सोनिया गांधी ने कहा कि वह लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थीं। भारत जोड़ो यात्रा के बीच राहुल गांधी ने कर्नाटक के बल्लारी में विश्राम शिविर में बने मतदान बूथ पर वोट डाला। वहां उनके साथ लगभग 40 नेताओं ने भी मतदान किया जो उनके साथ इस यात्रा में भारत यात्री हैं।

मतदान सोमवार सुबह 10 बजे आरंभ हुआ, पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने सबसे पहले मतदान किया। उनके बाद पार्टी महासचिव जयराम रमेश, अजय माकन, मुकुल वासनिक, वरिष्ठ नेता अम्बिका सोनी, विवेक तन्खा और कई अन्य लोगों ने मतदान किया।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में उम्मीदवार शशि थरूर ने अपना वोट डालने के बाद कहा कि मैं बदलाव के लिए खड़ा हूं। पार्टी के कामकाज में बदलाव की जरूरत है और यह चुनाव उसी का हिस्सा है। वह चुनाव में अपने लिए नहीं खड़े हुए, बल्कि कांग्रेस और देश के लिए खड़े हुए हैं। मैंने अपने राजनीतिक भविष्य के लिए नहीं, बल्कि कांग्रेस और भारत के लिए चुनाव लड़ा। आज मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे से बात की और कहा कि जो कुछ भी हुआ है, हम सहयोगी और दोस्त बने रहेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चुनाव में उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे दोनों ही पार्टी को मजबूत करने और एक बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि, “शशि थरूर को मेरी शुभकामनाएं. उनसे आज दिन में बात की, हम दोनों भावी पीढ़ियों के लिए एक सशक्त एवं बेहतर राष्ट्र बनाने तथा कांग्रेस को मजबूत करने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.” कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य 80 वर्षीय खड़गे ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए अपना वोट डाला।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में अपना वोट डाला। अशोक गहलोत ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है, कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव आज 22 साल बाद हो रहा है। यह चुनाव पार्टी में आंतरिक सद्भाव का संदेश देता है। राजस्थान कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने वोट डालने के बाद कहा कि कांग्रेस पार्टी ने खुले, लोकतांत्रिक और पारदर्शी चुनाव कराकर देश के लिए एक मिसाल कायम किया है। मेरा मानना है कि जो भी इस चुनाव में जीतेगा उसे पार्टी के सभी सदस्यों का पूरा समर्थन मिलेगा।