Ghazipur News: आत्मा सिंह “अमर रहें”, शोक और गर्व के बीच गांव ने दी अंतिम विदाई

Share This

ग़ाज़ीपुर, जनपद के अंधऊ गांव में वायु सेना जवान आत्मा सिंह के पार्थिव शरीर के पहुंचते ही गांव में शोक का माहौल छा गया। आत्मा सिंह, जो तमिलनाडु में तैनात थे, का निधन 21 जनवरी की रात हृदयगति रुकने से हो गया था। उनके अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए।

गांव में हर तरफ ‘भारत माता की जय‘ और ‘आत्मा सिंह अमर रहें‘ के नारों की गूंज सुनाई दे रही थी। ग्रामीणों ने अपने वीर सपूत को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

सैन्य सम्मान से हुई अंतिम विदाई

आत्मा सिंह, रिटायर्ड मेजर स्व. श्यामा राम के सबसे छोटे पुत्र थे, अविवाहित थे। उनके अंतिम संस्कार में वायु सेना के जवान और अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे। वायु सेना की टुकड़ी ने आत्मा सिंह को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी।

राजनीतिक और सामाजिक नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

इस दुखद मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, जिला महामंत्री प्रवीण कुमार सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, जिला मंत्री सुरेश बिन्द, पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष अनिल राजभर सहित कई अन्य नेता भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

गांव में शोक और गर्व का मिश्रित माहौल

गांव के लोगों ने अपने जवान को वीर सपूत के रूप में याद किया। हजारों ग्रामीणों ने अपनी उपस्थिति से यह साबित किया कि देश के लिए बलिदान देने वाले सैनिकों को हमेशा याद रखा जाएगा। गांव का हर व्यक्ति दुखी था लेकिन इस बात का गर्व भी था कि उनके गांव का एक बेटा देश सेवा में जीवन समर्पित कर गया।