पूर्व मंत्री और विधायक आशुतोष टंडन का निधन, लंबी बिमारी के चलते हुआ निधन

Ashutosh Tondon
Share This

यूपी सरकार के पूर्व मंत्री व लखनऊ पूर्व से भाजपा विधायक रहे आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल जी का गुरुवार को लंबी बिमारी के बाद निधन हो गया। आशुतोष टंडन योगी सरकार के पहले कार्यकाल 2017 में कैबिनेट मंत्री थे। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और मेदांता हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। जुलाई के महीने में आशुतोष टंडन के हार्ट की सर्जरी हुई थी। उसके बाद से वे लगातार बीमार चल रहे थे।

योगी सरकार के पहले कार्यकाल में उनके पास चिकित्सा शिक्षा, शहरी विकास, रोजगार और गरीबी उन्मूलन जैसे कई विभाग थे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनका हालचाल लेने के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचे ​थे। बताया जा रहा है कि इलाज के बावजूद आशुतोष टंडन की सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा था और गुरुवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

सोशल मीडिया एक्स पर दी जानकारी

उनके निधन की जानकारी उनकी सोशल मीडिया एक्स के जरिए दी गई। जिसमें लिखा गया कि, ‘गोपाल भइया हम सबको छोड़ कर चले गये’ इसके बाद लोगों को आशुतोष टंडन के निधन के बारे में जानकारी हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक शाम को उनके चौक स्थित आवास पर जाएंगे। पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व से भाजपा विधायक रहे आशुतोष टंडन के निधन पर प्रदेश की राज्यपाल आनंनदीबेन पटेल, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित अन्य मंत्रियों और नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

रक्षामंत्री ने शोक व्यक्त किया

आशुतोष टंडन के निधन पर देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोशव मीडिया एक्स पर लिखा कि, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व के विधायक, श्री आशुतोष टंडन उर्फ़ ‘गोपालजी’ के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ। उनका राजनीतिक जीवन लखनऊ वासियों की सेवा में समर्पित था।पार्टी को मज़बूती देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

लखनऊ और प्रदेश के विकास के लिए, उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। दुःख की इस घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शान्ति!

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

आशुतोष टंडन के निधन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, उ.प्र. सरकार के पूर्व मंत्री एवं लखनऊ (पूर्व) के विधायक, श्री आशुतोष टंडन ‘गोपालजी’ का निधन अत्यंत दुःखद है। एक जनप्रिय, कर्मठ, जुझारू राजनेता के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

तीन बार के थे विधायक

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद आशुतोष टंडन राजनीति में आए थे। 2012 के विधानसभा चुनाव में लखनऊ की उत्‍तर सीट से चुनाव लड़े पर उन्‍हें जीत हांसिल नहीं हो सकी। फिर, 2013 में लखनऊ शहर की पूर्वी सीट पर उपचुनाव में जीतकर पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद वह 2017 के विधानसभा चुनाव दूसरी बार विधायक बनने के बाद कई विभागों के मंत्री बने और 2022 विधानसभा चुनाव में वह तीसरी बार विधायक बने थे।