नेशनल फिल्म पुरस्कार से सम्मानित हुए अभिनेता पंकज त्रिपाठी

Share This

बिहार गोपालगंज के रहने वाले बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी नेशनल फिल्म पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद अपने पिता को याद करते हुए भावुक नज़र आए। मंगलवार 17 अक्टूबर को अभिनेता पंकज त्रिपाठी को फिल्म “मीमी” में उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें 69वें नेशनल फिल्म पुरस्कार में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार मिला। दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में उपस्थित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने पुरस्कार प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अगर आज बाबूजी यहां होते तो वह काफी खुश होते।

बाबूजी को समर्पित यह पुरस्कार

पुरस्कार मिलने के बाद पंकज त्रिपाठी ने बातचीत की और कहा, मैं विन्रम और कृतज्ञ हूं, हम परिश्रम करते हैं और एक फिल्म बनाते हैं जिसमें पूरी यूनिट का योगदान होता है। मेरा मानना है कि अगर आप मेहनत और ईमानदारी से कोई काम करते हैं, आपको कुछ भी मिल सकता है। मेरे साथ भी यही हुआ और यह फल मेरी बरसों से चल रही मेहनत का नतीजा है। उन्होंने आगे कहा, आज अगर बाबूजी यहां होते तो बहुत खुश होते क्योंकि उन्होंने यह पुरस्कार बहुत पसंद था। मेरा यह पुरस्कार बाबूजी को ही समर्पित है।

आगे उन्होंने कहा, मेरे इस सपने को साकार करने के पीछे मेरे माता-पिता, गुरु, परिवार, मित्र, राइटर, डायरेक्ट के अलावा और भी कई लोगों की मेहनत और परिश्रम है। किसी भी व्यक्ति की सफलता की यात्रा में कई लोगों का योगदान होता है। साथ ही उन्होंने अपनी आने वाली फिल्मों का भी जिक्र किया और कहा, दिसंबर में खड़क सिंह नाम की एक फिल्म आएगी और उसके बाद ‘अटल जी’ पर निर्मित ‘मै अटल हूं’ आएगी।