त्योहार से पहले केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने जुलाई 2022 से बढ़े हुए महंगाई भत्ते की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कैबिनेट ने भत्ते में चार प्रतिशत की वृद्धि को अपनी मंजूरी दी है। अब केंद्रीय कमर्चारियों का डीए 32% से बढ़कर 38% हो गया है। केंद्र का यह फैसला जुलाई महीने की पहली तारीख से लागू किया जाएगा। इसका मतलब ये है कि केंद्रीय कर्मियों को जुलाई महीने से ही बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा।

बता दें कि केंद्र सरकार ने इससे पहले मार्च महीने में केंद्रीय कर्मचारियों का डीए बढ़ाने का फैसला लिया था। जिसे एक जनवरी 2022 से लागू किया गया था। बहरहाल, सरकार प्रतेक वर्ष में दो बार डीए की बढ़ोतरी करती है। डीए में वृद्धि पहले जनवरी से बढ़ाया जाता है फिर जुलाई के महीने से इसमें इजाफा किया जाता है।
इस फैसले से केंद्रीय कर्मचारियों के साथ साथ पेंशन उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार के पेंशनर्स को भी कर्मचारियों की तरह ही डीए में बढ़ोतरी का लाभ मिलता है। अब पेंशनधारियों का डीए भी 34% से बढ़कर 38% हो गया है।
मुफ्त राशन की स्कीम में भी की गई बढ़ोतरी
महंगाई भत्ते के साथ ही सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के तहत मुफ्त राशन वितरण की अवधि को भी तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। बता दें कि वर्तमान में चल रहे मुफ्त राशन स्कीम से देश के करीब 80 करोड़ गरीब लोग लाभान्वित हो रहे हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत इतना ही राशन सब्सिडी पर पहले से मिलता रहा है, लेकिन पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिलने वाला राशन मुफ्त और इससे अलग है। बता दें कि कोरोना काल में लॉकडाउन से प्रभावित लोगों की मदद के लिए सरकार ने इस योजना का आरंभ किया था। जिससे बड़े पैमाने पर गरीब तबके के लोगों को फायदा हुआ।
